
शिमला। राजधानी के सर्कुलर रोड का फुटपाथ जल्द संवारा जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने जर्जर हाल से गुजर रहे विधानसभा से लेकर लिफ्ट तक के 1100 मीटर फुटपाथ की मरम्मत के लिए 1.14 करोड़ का एस्टीमेट तैयार किया है। केंद्र सरकार की जवाहर लाल नेहरू शहरी नवीनीकरण योजना के तहत एमसी ने संबंधित विभाग को इस बाबत एस्टीमेट बनाने को कहा था।
बीते दिनों विक्ट्री टनल में फुटपाथ का स्लैब टूटने से घायल हुए दो छात्रों का मामला सामने आने के बाद हरकत में आते हुए नगर निगम ने फुटपाथों की दशा सुधारने की पहल की थी। निगम प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग को इस बाबत एस्टीमेट बनाने का आग्रह किया था। जिस पर काम करते हुए विभागीय अधिकारियों ने फुटपाथ की जर्जर हालत में सुधार करने, कुछ जगह इसे नये सिरे से बनाने और मार्ग को सुरक्षित बनाने के लिए इसमें रेलिंग और जाली लगाने का एक एस्टीमेट तैयार किया है। एस्टीमेट के तहत विधानसभा से लेकर लिफ्ट के समीप निगम पार्किंग तक फुटपाथ की हालत को सुधारा जाना है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक राज चौहान और सहायक अभियंता डिविजन नंबर एक अजय सोनी का कहना है कि विभाग ने एस्टीमेट तैयार कर लिया है। इसे अंतिम रूप देकर विभाग के आलाधिकारियों की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद प्रारूप को नगर निगम को भेजा जाएगा। मंजूरी और बजट प्रावधान हुआ तो जल्द ही शहर के सर्कुलर रोड के फुटपाथ की दशा सुधर जाएगी।
