
धर्मशाला। जिला कांगड़ा अध्यापक संघ के चुनाव रविवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रानीताल में हुए। इसमें सर्वसम्मति से सरोज मेहता को जिला प्रधान चुना गया। जबकि नरेश धीमान को महासचिव तथा सुरेश नरियाल को कोषाध्यक्ष चुना गया। जबकि पूर्व जिला प्रधान संजय कपूर को प्रदेश महासचिव पद के लिए जिला कांगड़ा से प्रबल दावेदार के रूप मेें घोषित किया गया। इस पर सभी डेलीगेट ने अपनी मुहर लगाई।
जिला कार्यकारिणी के यह चुनाव पर्यवेक्षक शिमला जिला प्रधान वीरेंद्र चौहान तथा पूर्व जिला कांगड़ा महासचिव राकेश शर्मा की देखरेख में संपन्न हुए। इसमें तीन मुख्य पदों पर सर्वसम्मति से पदाधिकारी चुने गए। चुनाव के दौरान अध्यापक संघ की नव गठित कार्यकारिणी ने अध्यापकों की समस्याओं व मांगों पर गहनता से मंथन किया। संघ ने अध्यापकों के तबादले के दौरान दो-तीन दिनों में ही ज्वाइन न करने पर बिना वेतन के छुट्टी लगाने के निर्णय का कड़ा विरोध किया। उन्होेंने प्रदेश सरकार व शिक्षा विभाग से कर्मचारी विरोधी इस नीति को बंद करने की मांग की। इसके अलावा अध्यापक संघ ने शिक्षा विभाग के तहत अध्यापकों व अन्य कर्मचारियों के किए जा रहे तबादलों पर ब्रेेक लगाने की मांग की। जिला अध्यापक संघ ने प्रदेश कार्यकारिणी का गठन भी जल्द करने का आग्रह किया।
जल्द घोषित होगी जिला कार्यकारिणी
रानीताल में आयोजित जिला चुनाव में चुने गए प्रधान व महासचिव जल्द ही जिला कार्यकारिणी की घोषणा करेंगे। चुनाव पर्यवेक्षक वीरेंद्र चौहान व राकेश शर्मा ने बताया कि जिला कांगड़ा अध्यापक संघ के यह सदस्य तीन वर्षों के लिए चुने गए हैं। बाकी जिला कार्यकारिणी का चुनाव भी जल्द ही कर लिया जाएगा।
