सराहां कालेज के मुद्दे पर भाजपा भड़की

सराहां (सिरमौर)। भाजपा के पच्छाद मंडल की बैठक में डिग्री कालेज और सराहां पेट्रोल पंप को बंद करने का मुद्दा गरमाया रहा। सराहां में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिला उपाध्यक्ष बलदेव भंडारी ने की। बैठक में निर्णय लिया गया कि पच्छाद भाजपा गांव-गांव जाकर कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों को लोगों तक पहुंचाएगी।
बलदेव भंडारी ने कहा कि यदि सराहां डिग्री कालेज को लेकर 15 दिन के भीतर निर्णय नहीं लिया गया तो पच्छाद भाजपा सड़कों पर उतरकर चक्का जाम करेगी। सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर पच्छाद मंडल यहां आने वाले मंत्रियों का घेराव करेगा। उन्होंने कहा कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सराहां डिग्री कालेज को लेकर लगातार राजनीति करते आ रहे हैं। कहा कि पच्छाद की जनता आज उनसे यह पूछती है कि वह अब अनशन पर क्यों नहीं बैठते?
भंडारी ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने विधानसभा चुनाव में उन्हें अपनी ताकत दिखा दी है और आने वाले लोकसभा चुनाव में जनता फिर से उन्हें इसका जवाब देगी। बैठक में मंडल उपाध्यक्ष मदन सिंह ठाकुर, रामलाल शर्मा, नरेश कुमार, अनूप शर्मा, सोमदत्त ठाकुर और मदन ठाकुर सहित भाजपा के दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related posts