
रामपुर बुशहर। मां भीमाकाली की नगरी सराहन में रविवार को ऐतिहासिक दशहरा मेला शुरू हो जाएगा। शाम करीब पांच बजे भगवान रघुनाथजी की भव्य शोभायात्रा से मेले का आगाज होगा। शोभायात्रा मां भीमाकाली मंदिर से राजमहल परिसर तक निकाली जाएगी। रघुनाथजी के साथ मेले में आमंत्रित देवी-देवता और उनके साथ आए सैकड़ों देवलु भी भव्य यात्रा की शोभा बढ़ाएंगे।
13 से 16 अक्तूबर तक चलने वाले दशहरा मेले के सफल आयोजन के लिए मेला कमेटी ने इंतजाम पूरे कर लिए हैं। मेले के लिए सराहन मंदिर समेत बाजार को खूब सजाया गया है। व्यापारियों ने भी बाजार में भिन्न-भिन्न प्रकार की वस्तुओं की दुकानें सजा दी हैं। चार दिवसीय मेले में राजमहल परिसर में नाटियों की खूब धूम रहेगी। इस पारंपरिक मेले में शिमला, कुल्लू और किन्नौर के लोग शामिल होते हैं। श्रीभीमाकालीजी एवं अन्य मंदिर समूह न्यास के उपाध्यक्ष एवं एसडीएम दलीप नेगी ने बताया कि मेले के सफल आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार को दोपहर बाद सराहन में देवताओं का आगमन शुरू हो जाएगा और शाम पांच बजे के करीब रघुनाथजी की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
इन देवताओं को दिया गया है निमंत्रण
मेले में एक दर्जन से अधिक देवी-देवताओं के पहुंचने की उम्मीद है। इस बार मेले के लिए बसाहरू देवता, काजल देवता गसो, जाख देवता रचोली, धराली, बौंडा, मझगांव, किन्नू, बाड़ी देवी, चायल देवी, डाबर कुंड, धारसरगा, उषा देवी निचार, देवी दुर्गा तरांडा, जाख देवता फांचा, देवता नाग जगोरी, महारूद्र क्याओ और लांकड़ावीर कल्पा आदि देवी-देवताओं को निमंत्रण दिया गया है।
