सराहनीय है बजट : रामलाल

बिलासपुर । बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति अध्यक्ष रामलाल ठाकुर ने प्रदेश सरकार के प्रस्तुत किए गए 2014-2015 बजट की सराहना की है। उन्होंने कहा है कि सरकार के बजट से हर वर्ग को लाभ पहुंचा है। शनिवार को परिधि गृह बिलासपुर में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए रामलाल ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार के बजट से किसान, बागवानों, विद्युत उपभोक्ताओं, आंगनबाड़ी वर्करों, पेंशनर, कर्मचारियों, पीडीएस उपभोक्ताओं सहित अन्य वर्गों को राहत मिली है।
उन्होंने कहा कि सरकार के बजट में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत तीन दालें, चावल, गेहूं और तेल सहित अन्य वस्तुओं पर उपभोक्ताओं को सब्सिडी लाभ पहुचाने के लिए 220 करोड़, बिजली बोर्ड को विद्युत उपभोक्ताओं की सब्सिडी के लिए 330 करोड़ रुपये, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग को उठाऊ पेयजल योजनाओं के लिए 240 करोड़, किसानों के लिए पॉलीहाउस लगाने को 100 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान है। उन्होंने भाजपा के एक नोट कमल को वोट कार्यक्रम पर भी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता पहले दुकानदारों से जबरदस्ती धन उगाही कर रहे थे। अब सरकारी कर्मचारियों पर दबाव बनाया जा रहा है। इस दौरान श्याम लाल कौंडल सहित अन्य मौजूद रहे।

Related posts