
बालीचौक (मंडी)। प्रदेशवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा मुहैया करवाने के दावे सराज में खोखले साबित हो रहे हैं। किसान कामगार संगठन के संयोजक एवं आरटीआई कार्यकर्ता संत राम द्वारा सूचना का अधिकार से हासिल की गई जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य खंड सराज जंजैहली में न केवल चिकित्सकों का भारी अभाव है, बल्कि पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के भी कई पद रिक्त पड़े हुए हैं।
बालीचौकी क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खूहण तथा थाची लंबे अरसे से चिकित्सकाें के बिना चल रहे हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जंजैहली में डेंटल चिकित्सक के अलावा कर्मियाें के छह पद खाली पड़े हैं, जबकि पीएचसी थुनाग में एक चिकित्सक एवं दो कर्मचारी, पीएचसी बालीचौकी में दो पद, पीएचसी पंजाई में एक पद तथा पीएचसी खूहण में दो पद खाली चल रहे हैं। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गाड़ागुसैणी में चिकित्सक के अलावा तीन पद खाली पडे़ है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र थाची सराज खंड में हालत सबसे खराब है। यहां स्वास्थ्य केंद्र एक क्लर्क एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के सहारे चल रहा है। थाची में सात पदों में पांच पद खाली चल रहे हैं। वहीं दूरदराज के नए खुले पीएचसी छतरी में हालांकि अभी तक कोई भी पद स्वीकृत नहीं किया गया है। बावजूद इसके इस केंद्र में एक चिकित्सक ड्यूटी दे रहा है। स्वास्थ्य खंड सराज में मौजूदा समय में 25 महिला एवं 25 पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के पद स्वीकृत हैं। इनमें से महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के दो पद खाली चल रहे हैं, लेकिन पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के बीस पद खाली चल रहे हैं। उपकेंद्रों में तीन से पांच सालों से पद खाली चल रहे हैं।
बाक्स
सराज विस क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं। स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को लेकर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया जाएगा।
-संतराम समाजसेवी एवं आरटीआई कार्यकर्ता।
बाक्स
जिले के तमाम खाली पड़े पदों की सूचना सरकार को भेज दी गई है। उम्मीद है कि एक-दो माह के भीतर सभी रिक्त पद भरे जाएंगे। पीएचसी थाची में शीघ्र ही डेपुटेशन पर चिकित्सक भेजा जाएगा ।
-डा. हेमंत कपूर मुख्य चिकित्सा अधिकारी मंडी।
