
गोहर (मंडी)। सराजघाटी के रॉयल, रेड गोल्ड और रीचा रेड सेब ने चंडीगढ़ में धूम मचा दी है। घाटी के बगस्याड़ से सेब उत्पादकों का सेब इस बार ग्रेडिंग प्लांट में तरोताजा एवं छंटकर निर्यात के लिए चंडीगढ़ जा रहा है। जिससे बागवानों को उम्दा दाम मिल रहे हैं। सर्वश्रेष्ठ गुणवत्ता के रूप में रॉयल सेब 1400-1600 रुपये प्रति कार्टन तक चंडीगढ़ में बिक रहा है। वहीं, रेड गोल्ड 800 तथा रीचा रेड भी 1000 रुपये प्रति कार्टन बिक रहा है। घाटी के सेब उत्पादकों को बगस्याड़ से चंडीगढ़ तक का किराया प्रति कार्टन 57 रुपये निर्धारित किया गया है। बगस्याड़ के प्रगतिशील बागवान बोधराज ठाकुर ने अपना ग्रेडिंग प्लांट लगाकर क्षेत्र के बागवानों को इस बार यह आधुनिक सुविधा प्रदान की है। बगस्याड़ क्षेत्र के बागवान इस ग्रेडिंग प्लांट में अपना उत्पाद ग्रेड करके चंडीगढ़ भेज रहे हैं। जिससे बागवानों का भी उत्साह बना हुआ है। वहीं, बागवानों को उम्मीद है कि 10 अगस्त तक उन्हें सेब के और अधिक दाम मिलेंगे। बगस्याड़ के अलावा थुनाग, लंबाथाच और जंजैहली में अभी सेब सीजन शुरू नहीं हो पाया है। हालांकि, यहां भी बागवानों ने सेब तुड़ान की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बगस्याड़ में सेब का सीजन यौवन पर है। क्षेत्र के बागवानों रमेश ठाकुर, करम सिंह, कश्मीर सिंह, महेंद्र शर्मा, प्रकाश चंद, चमन लाल एवं महेंद्र ठाकुर ने बताया कि ग्रेडिंग सुविधा मिलने से उनका सेब चंडीगढ़ में उम्दा दाम पर बिक रहा है। इधर, सराज फल सब्जी उत्पादक संघ के अध्यक्ष चतर सिंह ठाकुर का कहना है कि सेब के उम्दा दाम मिलने से बागवानों में खुशी की लहर है। उद्यान विकास अधिकारी विरेंद्र कुमार ने बताया कि सेब की इस बार घाटी में बंपर फसल है। फलों पर रंग भी समय पर आ गया है। जिसके बागवानों को अच्छे दाम मिल रहे हैं।
