सरमौर में खुलेंगी 18 नई बैंक शाखाएं

नाहन (सिरमौर)। उपायुक्त विकास लाबरू ने सोमवार को जिला ऋण योजना की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस वर्ष राष्ट्रीयकृत एवं सहकारी बैंकाें की 18 नई शाखाएं खोली जाएंगी। संगडाह के काकोग में यूको बैंक की शाखा खोल दी गई है। गताधार में शीघ्र ही शाखा खोली जा रही है। अन्य चयनित क्षेत्रों में बैंक की नई शाखाएं खोलने की प्रक्रिया जारी है।
उपायुक्त ने बताया कि चालू वित्त वर्ष के लिए निर्धारित 1061 करोड़ की वार्षिक ऋ ण योजना में से प्रथम तिमाही तक 120 करोड़ रुपये की धनराशि विभिन्न बैंकों के माध्यम से बतौर ऋ ण लोगों को उपलब्ध करवाई गई। जिले में किसानों को इस वर्ष अब तक 998 किसान क्रेडिट कार्ड जारी किए गए। 14 करोड़ रुपये की राशि किसानों के बैंक खाते में उपलब्ध करवाई गई। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा किसानों को सात प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध करवाया जाता है। नियमित बैंक किश्तों का भुगतान करने वाले किसानों से चार प्रतिशत ब्याज लिया जाता है। उन्होंने बैंकों को सभी किसानों को केसीसी कार्ड जारी करने के निर्देश दिए। बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि वार्षिक ऋ ण योजना को कारगर बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाये जाएं। उपायुक्त ने नाबार्ड द्वारा तैयार की गई पीएलपी ऋण योजना स्मारिका का अनावरण किया।
यूकों बैंक के अग्रणी बैंक प्रबंधक राकेश वर्मा ने जिले में क्रियान्वित वार्षिक ऋण योजना के बारे में जानकारी दी। बैठक में एएसपी स्वपना गौतम, एजीएम नाबार्ड टीएम नेगी, परियोजना अधिकारी डीआरडीए रविंद्र शर्मा, एजीएम आरबीआई गुरदयाल सिंह सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related posts