सरबजीत की हत्या से खौला लोगों का खून

बिलासपुर/घुमारवीं। पाकिस्तान में सरबजीत सिंह की बर्बरतापूर्ण ढंग से की गई हत्या से लोगों, विशेष रूप से युवाआें का खून खौल उठा है। शुक्रवार को घुमारवीं में युवाआें ने पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी का पुतला फूंकते हुए पड़ोसी मुल्क के खिलाफ जमकर गुबार निकाला। बिलासपुर में अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने भी इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए पाकिस्तान के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई की मांग को लेकर एडीएम प्रदीप ठाकुर के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व यूपीए अध्यक्ष को ज्ञापन भेजा।
पाकिस्तान में सरबजीत सिंह पर बीते दो दशक से अधिक अवधि के दौरान ढाए गए जुल्मों तथा अमानवीय व बर्बरतापूर्ण ढंग से की गई उसकी हत्या के विरोध में शुक्रवार को युवा घुमारवीं के गांधी चौक में एकत्रित हुए। ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ व ‘सरबजीत सिंह अमर रहे’ के नारे लगाते हुए अपनी नाराजगी जताने के साथ ही उन्हाेंने पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी का पुतला भी फूंका। केंद्र से मांग की कि पाकिस्तान की इस घिनौनी हरकत का मुंहतोड़ जवाब दिया जाए। इस मौके पर मनोज पटियाल, विपन चंदेल, जुमित राय, लक्की चंदेल, रणजीत पटियाल, रोशन, राजीव, पुनीत, संजय शर्मा, अंकुश चंदेल, आशु शर्मा, विशाल, अश्वनी शर्मा, बिशन राणा, रिंकू, राज व रिशु आदि मौजूद थे।
उधर, आल हिमाचल अल्पसंख्यक कल्याणकारी संस्था के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं भाजपा अल्पसंख्यक मोरचा के जिला अध्यक्ष मुनीर अख्तर ‘लाली’ की अगुआई में शुक्रवार को अल्पसंख्यकों ने सरबजीत सिंह की हत्या के विरोध में एडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व यूपीए अध्यक्ष को ज्ञापन भेजा। उन्होंने कहा कि अब यह बात भी साफ हो चुकी है कि पाकिस्तान सरकार स्वयं भी इस साजिश में शामिल थी। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस मौके पर मोहम्मद ताजदीन, इकबाल खान, शानिद, दानिश, गुरचरण सिंह, बशीर चौधरी, गुलामदीन, विचित्र सिंह, मुश्ताक अहमद, सराज, हमीद खान, गुरपाल सिंह व मुश्ताक आदि मौजूद थे

Related posts