
हिमाचल प्रदेश में जल्द बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हो सकता है। सरकार ने ऐसे अधिकारियों की सूची तैयार कर ली है। हाल ही में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे अतिरिक्त मुख्य सचिव केके पंत को बड़े विभागों की जिम्मेदारी मिल सकती है। इसके अलावा तीन साल से एक ही जगह पर डटे अफसरों को भी इधर से उधर किया जाना है। आईएएस, एचएएस और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की ही नहीं, बल्कि कई जिलों के एसडीएम, डीएसपी स्तर के अधिकारियों के भी तबादले होने हैं।
हिमाचल में काफी समय से नहीं हुआ बड़ा फेरबदल
हिमाचल प्रदेश में काफी समय से बड़ा प्रशासनिक फेरबदल नहीं हुआ है। प्रदेश की सत्ता पर काबिज होने के बाद राज्य सरकार ने बड़े स्तर पर जिला और मंडल स्तर के कई अधिकारियों के तबादले नहीं किए हैं। कई जिलों में वही अधिकारी तैनात हैं, जो पूर्व सरकार के समय नियुक्त थे। कई अधिकारी ऐसे हैं, जिनके पास कई विभागों का अतिरिक्त कार्यभार है। यह अधिकारी भी लगातार सरकार पर दबाव डाल रहे हैं कि उन पर काम का अतिरिक्त बोझ है। ऐसे में फाइलों को समय रहते निपटाने में दिक्कत आ रही है।
