सरकार ने पीटीए, पैट और पैरा शिक्षकों को बैक डेट से लाभ देने से हाथ खड़े कर दिए

सरकार ने पीटीए, पैट और पैरा शिक्षकों को बैक डेट से लाभ देने से हाथ खड़े कर दिए

शिमला
सरकारी स्कूलों में सेवाएं दे रहे पीटीए, पैट और पैरा शिक्षकों को बैक डेट से लाभ मिलने के आसार बहुत कम है। वर्तमान महीने से ही प्रदेश सरकार नियमित करने के निर्देश जारी करने की तैयारी में है। बुधवार को अधिसूचना जारी होने की संभावना है। प्रदेश की आर्थिक स्थिति को देखते हुए वित्त महकमे ने बैक डेट से लाभ देने से हाथ खड़े कर दिए हैं। साढ़े दस हजार शिक्षकों को बीते माह ही मंत्रिमंडल ने नियमित करने का फैसला लिया है। सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद सरकार ने इन्हें नियमित करने की तैयारी शुरू की है।

शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया है कि पैट और पैरा शिक्षकों के मामले में अधिक समस्या नहीं है। पीटीए को बैक डेट से लाभ देने के चलते सरकार पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। ऐसे में सरकार ने इन्हें वर्तमान महीने से ही नियमित करने का प्रस्ताव बनाया है। वित्त विभाग के पास कई दिनों तक इस मामले की फाइल फंसी रही है।
बीते रोज ही वित्त विभाग ने फाइल शिक्षा विभाग को भेजी है। मंगलवार को सचिवालय में दिन भर अधिसूचना जारी होने की संभावना को देखते हुए शिक्षक संघों की गतिविधियां तेज रहीं। लेकिन शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर के शिमला में नहीं होने के चलते आदेश जारी नहीं हो सके। अब बुधवार को आदेश जारी होने के आसार हैं। बताया जा रहा है कि पैट को मिल रहे अधिक वेतन को सरकार प्रोटेक्ट कर सकती है।

 

Related posts