
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। परिवहन निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारी मांगों को लेकर प्रदेश भर में रोष प्रदर्शन और धरने आयोजित करके प्रदेश सरकार को घेरेंगे। नगरोटा बगवां में हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच के बैनर तले आयोजित जिलास्तरीय अधिवेशन में यह निर्णय लिया गया। प्रदेश सरकार को 31 मार्च तक उनकी लंबित मांगों को पूरा करने का अल्टीमेटम दिया गया है। मंच के प्रदेशाध्यक्ष बलरामपुरी की अध्यक्षता में आयोजित हुए अधिवेशन में मंच के प्रदेश महामंत्री कुलदीप गुलेरिया, जिलाध्यक्ष चमन लाल पुंडीर तथा हिमाचल प्रदेश निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के पूर्व चेयरमैन अशोक पुरोहित की उपस्थिति में मंच में सैकड़ों सदस्यों ने अधिवेशन मेें अपनी उपस्थिति और एकजुटता दर्शाई। सम्मेलन में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार इस वर्ग के लिए धनराशि को जारी करने की बातें कर रही है, वह पैसा उन्हें अभी तक मिल ही नहीं पाया है। अशोक पुरोहित ने कहा कि इस वर्ग को प्रदेश सरकार अभी तक महंगाई भत्ते की पांच किस्तों का भुगतान नहीं कर पाई है। जबकि, एक वर्ष से सेवानिवृत्त हुए कर्मियों को ग्रेच्युटी, लीव इन कैशमेंट तथा जीपीएफ का भुगतान न होने से पेंशनरों को परिवार का पेट पालने में कठिनाई हो रही है। निगम में लगभग 9 हजार कर्मी पेंशन के लिए पात्र हैं, जिनमें 36 सौ कर्मी रिटायर्ड हो चुके हैं। उन्होंने मांग की है कि 1-1-2006 से पूर्व सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को 1-4-2013 की बजाय 1-1-2006 से ही संशोधित पेंशन के लाभ दिए जाएं। सम्मेलन में कहा गया कि यदि प्रदेश सरकार ने मंच की मांगों को नहीं माना तो 31 मार्च के बाद प्रदेश भर में विरोध प्रदर्शन और धरने आयोजित किए जाएंगे।
