
भीमताल। प्रदेश सरकार द्वारा भीमताल विधानसभा क्षेत्र की सड़कों की दशा न सुधारे जाने और अधिकांश विद्यालयों के शिक्षक विहीन होने पर विधायक दान सिंह भंडारी ने आक्रोश जताया है। उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि महीनेभर में समस्याएं हल नहीं हुई तो भीमताल में चक्काजाम करेंगे।
सोमवार को यहां मंदिर मार्ग स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि भीमताल-रानीबाग, भीमताल बाईपास, भीमताल मंदिर मार्ग, खुटानी-पदमपुरी-धानाचूली, भीमताल-नौकुचियाताल रोड समेत आसपास के क्षेत्रों की अधिकांश सड़कें जर्जर स्थिति में हैं। जिस कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं।
सरकार की लापरवाही के चलते धारी, धानाचूली, रामगढ़, भीमताल ब्लाक के अधिकांश स्कूल शिक्षक विहीन हैं जिस कारण पठन पाठन प्रभावित हो रहा है। यदि स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती नहीं हुई तो अगले माह जनता को साथ लेकर सड़क पर उतरा जाएगा।
