सरकार की गलत बयानबाजी से आर्थिक संकट : बंसल

नई टिहरी। लोकसभा चुनाव फतह करने के लिए भाजपा बूथों को शक्ति केंद्र के रूप में मजबूत करेगी। इसके लिए पार्टी ने गांव चलो घर चलो का नारा मजबूत करने पर जोर दिया है। पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक लेने के बाद प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल ने कहा कि बैठक में 24-25 अगस्त को रामनगर में होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत बयानबाजी से प्रदेश आर्थिक संकट से जूझ रहा है। उन्होंने सरकार पर आपदा पीड़ितों की उपेक्षा का आरोप लगाया।
पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत में बंसल ने कहा कि आपदा के दो माह बाद भी सरकार राहत, पुनर्वास कार्य में विफल रही है। आपदा में लापता लोगाें को 30 दिन में मृत मानकर आश्रितों को मुआवजा देने की घोषणा करने वाले मुख्यमंत्री 60 दिन बाद भी इसकी प्रक्रिया शुरू नहीं कर पाए। प्रदेश में कई पर्यटक स्थल सुरक्षित हैं लेकिन सरकार की गलत बयानबाजी से लोग नहीं आ रहे हैं। इससे प्रदेश की आर्थिक स्थिति चौपट हो गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखंड के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है, राज्य के पुनर्निर्माण के लिए अब तक 250 करोड़ ही दिए गए हैं। इससे विभाग सुविधाएं बहाल करने को धन की कमी का रोना रो रहे हैं। पैसे की बंदरबांट को लेकर सीएम और आपदा मंत्री में तालमेल नहीं बैठ पा रहा है। उन्होंने मेडिकल में प्रवेश को लेकर हुई हत्या के मामले में मंत्री को बर्खास्त कर सीबीआई जांच की मांग की है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष विनोद सुयाल, विधायक महावीर रांगड़, खजान दास, ओमगोपाल, विजय पंवार, संजय नेगी, सुभाष रमोला, धन सिंह नेगी, विनोद रतूड़ी, अजयपाल नेगी मौजूद थे।

Related posts