सरकार की उपलब्धि, शराब सस्ती और राशन महंगा

चंपावत/लोहाघाट। विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता अजय भट्ट ने कहा है कि मौजूदा प्रदेश सरकार ने शराब सस्ती और राशन महंगा कर दिया है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के फैसलों को पलटने के अलावा वर्तमान सरकार और कुछ नहीं कर रही है। सोमवार को चंपावत और लोहाघाट में पत्रकारों से बातचीत में श्री भट्ट ने सरकार पर तीखे हमले किए।
उन्होंने कहा कि सरकार पिछले वर्ष की वार्षिक योजना में से 50 फीसदी राशि खर्च ही नहीं कर पाई। मनरेगा का 100 करोड़ रुपया लैप्स हो गया है। विधानसभा अध्यक्ष गोविंद कुंजवाल के बयानों पर उन्होंने कहा कि जो बात कुंजवाल कह रहे हैं वही बात विपक्ष भी उठाता आ रहा है। कहा, कुमाऊं विश्वविद्यालय से वीसी जैसे महत्वपूर्ण पद पर आसीन व्यक्ति द्वारा मौजूदा व्यवस्था के चलते अपने पद से त्यागपत्र देना गंभीर मामला है।
श्री भट्ट ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार लोगों की जेब में डाका और पेट में लात मारने का काम कर रही है। अटल खाद्यान्न योजना में खाद्यान्न की मात्रा कम करने के साथ उसकी कीमतें बढ़ाकर सरकार ने अपनी कब्र खोदी है। पत्रकार वार्ता में विधायक पूरन फर्त्याल, भाजपा नेता हयात सिंह माहरा, जिलाध्यक्ष सुभाष बगौली, पालिकाध्यक्ष प्रकाश तिवारी, मंडल अध्यक्ष मुकेश कलखुड़िया, मुकेश महराना, जिला महामंत्री गोविंद सामंत समेत तमाम लोग थे।

Related posts