सरकार एक माह में श्वेत पत्र जारी करे

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के पूर्व अध्यक्ष प्रेम सिंह भरमौरिया ने कहा कि प्रदेश सरकार 25 दिसंबर 2012 से 25 दिसंबर 2013 तक कर्मचारियों के तबादलों को लेकर श्वेत पत्र जारी करे। समस्त विभागों, अर्ध सरकारी विभागों की जानकारी शामिल की जाए। प्रदेश सरकार ने माननीय न्यायालय में शपथ पत्र दिया था, जिसका उल्लंघन हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार एक माह में श्वेत पत्र जारी नहीं करती है तो न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता संभालते ही राजनैतिक द्वेष से हजारों कर्मचारियों को घर से बेघर किया। उच्च न्यायालय द्वारा तबादला नीति पर तय दिशा-निर्देशों का सरकार ने जानबूझ कर उल्लंघन किया। प्रदेश में चल रहे तबादला उद्योग से कर्मचारी वर्ग आहत है। फर्जी डीओ लेटर मामले से स्पष्ट है कि प्रदेश में तबादला उद्योग चलाया जा रहा है। यह मात्र मुख्यमंत्री के डीओ लेटर चोरी कर फर्जी तबादलों का मामला ही नहीं है, वरन अत्यंत गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को आशंका है कि प्रदेश में हजारों की संख्या में तबादले फर्जी दस्तावेजों के आधार पर हुए हैं। फर्जी डीओ लेटर मामले की सीबीआई जांच की मांग की। भरमौरिया ने कहा कि कांग्रेस ने तबादलों में नया रिकार्ड कायम किया है। महिला कर्मचारियों को भी नहीं बख्शा गया।

Related posts