सरकारी स्कूलों ने मरम्मत को मांगा बजट

बिलासपुर। जिला बिलासपुर में प्रारंभिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत दयनीय स्थिति में पहुंच चुके स्कूलों के भवन के लिए स्कूल प्रबंधन ने मरम्मत बजट की मांगा है। अब तक इन स्कूलों में यह स्थिति स्पष्ट नहीं है कि यह भवन जर्जर हैं या फिर असुरक्षित हैं। यदि इन भवनों को असुरक्षित घोषित किया जाता है तो इन्हें गिराया जाएगा।
विभाग की ओर से इन भवनों के लिए उचित व्यवस्था करने की कवायद शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार प्रारंभिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रारंभिक स्कूल मैथी, कचौली, दधोग, सिकाली, चिल्ला, कल्लर, दयोथ ने विभाग में मरम्मत के लिए बजट की मांग की है। विभाग की ओर से भी बजट मुहैया करवाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही इन स्कूलों को बजट मिलने की संभावना है। कई स्कूल असुरक्षित घोषित किए गए हैं। असुरक्षित भवनों को गिराने की कवायद शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक शिक्षा विभाग बिलासपुर के उप निदेशक प्रीतम सिंह ढटवालिया ने कहा कि जिन स्कूलों ने भवन मरम्मत कार्य के लिए आवेदन किया है कि उन्हें जल्द ही बजट मुहैया करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से इन स्कूलों में उचित सुविधा मुहैया करवाई जाएगी।

Related posts