सरकारी स्कूलों के आधे से ज्यादा बच्चे बीमार

मंडी। जिला के सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत बच्चे कई तरह के रोगाें से पीड़ित हैं। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत इस बात का खुलासा हुआ है। इस कार्यक्रम के तहत जिला भर में 1,32,021 छात्र-छात्राआें का स्वास्थ्य जांचा गया। चिकित्सीय जांच में 84,344 बच्चों में खून की कमी सहित दंत रोग तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं और विकार पाए गए। इसमें सर्वाधिक बच्चे एनीमिया और दंत रोगाें से ग्रस्त पाए गए हैं।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत चिकित्सकों की ओर से स्कूल स्तर पर बच्चाें के स्वास्थ्य की जांच की गई। स्वास्थ्य जांच में जिले में 18,477 बच्चाें में एनीमिया अर्थात खून की कमी पाई गई, जबकि 23,134 बच्चे दंत रोग से पीड़ित पाए गए। इसके अतिरिक्त 5,599 बच्चों में चर्म रोग, 6,129 बच्चाें में ईएनटी, आंख के 6,702, मेंटल प्रॉब्लम 99, हृदय रोग संबंधी 110, शारीरिक रूप से अक्षम 110 और 24,051 बच्चाें में अन्य रोग पाए गए। इनमें से 6,927 बच्चों को संबंधित रोग के प्रभाव ज्यादा होने पर सही तरीके से जांच करवाने के लिए उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया गया है। योजना के तहत मंडी जिला में 572 कलस्टर बनाए जाने हैं। इनमें से जनवरी 2014 तक 558 कलस्टर बनाए जा चुके हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी मंडी डा. डीआर शर्मा ने बताया कि बच्चों में एनीमिया एवं दंत सहित अन्य कई रोग पाए गए हैं।
अभिभावकों को सलाह
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अभिभावकों से आग्रह किया है कि बच्चाें को पौष्टिक भोजन दें। उनके खान-पान का ध्यान रखें तथा जंक फूड आदि से परहेज करें। फास्ट फूड खाने से ये बीमारियां ज्यादा होती हैं।

Related posts