
सोलन। बीबीएन में प्रदूषण से हाल बेहाल है। विभागीय अधिकारी और कर्मचारी क्या रोकेंगे प्रदूषण और अवैध खनन को। सरकारी विभागों में शातिरों के संपर्क सूत्र तेज हैं। औचक निरीक्षण होने से पहले ही फोन हो जाता है। जब तक अधिकारी पहुंचते हैं तब तक सारी सेटिंग हो जाती है। अगर कोई ऐसा न करे तो शातिरों के हाथ सरकारी तंत्र के गिरेबान तक पहुंच जाते हैं।
शुक्रवार को जिप की मासिक बैठक में प्रदूषण और खनन माफिया की बात चलते ही एक जिप सदस्य ने खूब निशाना साधा और अन्य का समर्थन भी खूब मिला। जिप में 68 पुरानी मदों पर चर्चा हुई। लगभग 80 फीसदी कार्य लंबित रहे। 20 फीसदी कार्य में ही संतुष्टता जाहिर की गई। 10 नई मदों पर सदन में चर्चा सही ढंग से नहीं हो सकी।
सोलन जिला परिषद की त्रैमासिक बैठक जिप अध्यक्ष शीला की अध्यक्षता में आयोजित हुई। जिप सदस्यों से उनके क्षेत्रों से संबंधित मदों विशेषकर बस सेवा, पेयजल आपूर्ति व सड़कों की मरम्मत पर विभागों के अधिकारियों से चर्चा की। एडीएम सीपी वर्मा और जिला पंचायत अधिकारी एमएस नेगी भी मौजूद रहे। जिप उपाध्यक्ष हरदीप सिंह ठाकुर, सदस्यों में निर्मला देवी, आशा परिहार, सोनिया ठाकुर, कुलविंद्र कौर, लक्षमी देवी, बिमला वर्मा, कौशल्या देवी, सुमन लता, सरला शर्मा, अजायब सिंह राणा, जगदीश पंवर, परमजीत सिंह, हुसन चंद ठाकुर, धर्म सिंह, अजय सिंह के अलावा पंचायत समिति कुनिहार की अध्यक्ष शकुंतला, कंडाघाट से नंद राम कश्यप, धर्मपुर से नरेंद्र ने जिप बैठक में शिरकत की।
स्टोरी टू
सरकारी बस सेवा का उठा मुद्दा
क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन ने बताया कि बरोटीवाला-नाली बस को केदार मोड़ तक चलाया जाएगा, जिससे विशेषकर स्कूली बच्चों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने आगामी तीन-चार महीनों के दौरान बसों से संबंधित सभी समस्याओं को जल्द हल किए जाने का आश्वासन दिया।
पेयजल वितरण संबंधी समस्याएं
अधिशासी अभियंता सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य ने बताया कि दयोली-बरूणा जलापूर्ति का कार्य जोरों पर है, जिसे जल्द पूरा किया जाएगा। इसी तरह जुखाड़ी-बनेड़ योजना का पंपिंग सेट बदला जा रहा है जिससे काहला बस्ती को पेयजल सुविधा मिलेगी। ग्राम पंचायत कश्मीरपुर के तहत विभिन्न गांवों को भी पेयजल सुविधा मुहैया करवा दी गई है। बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से हैंडपंप लगाने की बात उठी, जिसके लिए संबंधित अभियंताओं ने संभावनाओं का पता लगाकर इन्हें स्थापित करने की बात स्वीकारी। अर्की के समाणा गांव में पेयजल स्टोर टैंक तथा पाइप लाइन को बदलने के लिए धनराशि उपलब्ध होने पर यह कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
बिजली बोर्ड से जुड़े मामले
ग्राम पंचायत लेही के गांव कोली माजरा तथा थाना पंचायत के तहत हरिजन बस्ती व इसी पंचायत के नंरगपुर में बिजली की तारें कुछ लोगों के घरों के ऊपर से जाने के संबंध में शिकायतें आईं जिसके लिए अधिशाषी अभियंता ने लोगों के सहयोग से इन्हें हटाने की बात कही। वहीं उन्होंने कहा कि कुंहर पंचायत के गांव चडयां में विद्युत ट्रांसफार्मर को जल्द चालू किया जाएगा जिससे गांव के लोगों की वोल्टेज की समस्या हल हो जाएगी। बलेरा में अगले साल तक वोल्टेज की समस्या हल कर ली जाएगी। धर्मपुर के गांव बठोल को हरिजन गांव की श्रेणी में लाने के लिए कल्याण विभाग द्वारा सांख्यिकी विभाग को लिखा गया है।
अधिकारी पर धब्बा लगाने की कोशिश
जिप की बैठक में एक उच्च अधिकारी भी चर्चा में रहा। सांप्रदायिकता से जुड़ा मामला बैठक में भी उठा। चर्चा हुई कि खनन माफिया ने ईमानदार अधिकारी की झूठी शिकायत सीएम आफिस तक पहुंचा दी है। शिकायत ऐसी कि सांप्रदायिक माहौल तनाव वाला हो सकता है। जवाब में एडीएम सीपी वर्मा ने कहा कि इस मामले में एक बड़ा निर्णय भी हो सकता है।
