सरकारी राशन की कालाबाजारी

जसूर (कांगड़ा)। नूरपुर उपमंडल के तहत कमनाला पंचायत की सरकारी उचित मूल्य की दुकान ठंगर-थाना के डिपो होल्डर पर राशन कार्ड धारकों के राशन को प्रवासी मजदूरों को बेचने का आरोप लगा है। नूरपुर पुलिस ने डिपो होल्डर अमरजीत सिंह डोगरा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार प्रवासी मजदूरों विनोद कुमार, करुणा साहू, ज्योति लाल निवासी रायगढ़ (छत्तीसगढ़) ने डिपो होल्डर से सरकारी राशन खरीदा। भनक लगते ही आनन-फ ानन में थाना-ठंगर के निवासी पूर्व पंचायत प्रधान रशपाल शर्मा, मुकेश शर्मा, राम कुमार और गांव के कुछ लोगों ने मजदूरों को दोपहिया वाहनों पर सरकारी राशन ले जाते पकड़ लिया और इसकी सूचना नूरपुर थाना को दी। पुलिस ने पूछताछ की तो उन्होेेंने अपने बयान में कहा कि उन्होेंने यह सरकारी राशन अमरजीत सिंह डोगरा के डिपो से 3780 रुपये में खरीदा है। पुलिस नें इस राशन में 2 बोरी चावल, 2 बोरी आटा, 7 किलो मूंग, 3 किलो उड़द तथा 6 किलो सरसों के तेल के पैकेट बरामद किए हैं। शनिवार रात पुलिस ने राशन को अपने कब्जे में लिया और सरकारी उचित मूल्य की दुकान पर ताला जड़ दिया है। उधर, डिपो होल्डर अमरजीत सिंह डोगरा का कहना है कि वह शनिवार को ही राशन लेकर आए हैं और उसकी दुकान में रखा राशन व दस्तावेज में किसी प्रकार की कमी नहीं है और किसी को भी राशन नहीं बेचा है। नूरपुर पुलिस के थाना प्रभारी बृज मोहन शर्मा ने बताया कि डिपो होल्डर के खिलाफ धारा 406 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है।

Related posts