सरकारी बस ने शिक्षिका को मारी टक्कर

पंडोह (मंडी)। पंडोह बाजार में परिवहन निगम की एक बस ने सड़क किनारे चल रही महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला घायल हो गई है। महिला पंडोह में एक निजी स्कूल में शिक्षिका है, जो घटना के समय स्कूल जा रही थी। इस बीच दिल्ली से मनाली जा रही निगम की बस एचपी 66-1953 ने उसे टक्कर मार दी। घायल महिला को उपचार के लिए जोनल अस्पताल मंडी में दाखिल करवाया गया है।
घटना के बाद चालक बस को रोकने के बजाय सीधा भगा ले गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस तेज गति से आ रही थी तथा ओवरटेक कर रही थी। हादसा वहां से गुजर रही एक अन्य गाड़ी के साथ टकराकर और भी गंभीर हो सकता था, लेकिन गाड़ी के चालक ने अपनी गाड़ी को एक नाली में डाल दिया। यह घटना वीरवार सुबह की है, उस समय यहां दुकानदारों ने सब्जी से भरी गाड़ियां भी बीच सड़क पर खड़ी कर रखी थीं। सड़क तंग होने की वजह से हादसा पेश आ गया। श्रद्धालुओं से भरी कार मणिकर्ण से तनतारन जा रही थी। इस हादसे में चालक अमरजीत को बाजू और छाती में हल्की चोटें आई है। अमरजीत के मुताबिक बस का चालक ओवरटेक कर रहा था। वहां बहुत से लोग खड़े थे, जिन्हें बचाने के लिए अपनी गाड़ी को पहाड़ की ओर नाली में डाल दिया। इधर, हाईवे पुलिस के मुख्य आरक्षी नंदलाल ने बताया कि पुलिस हादसे की जांच कर रही है। बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं पंचायत प्रधान नरेश शर्मा का कहना है कि दुकानदारों को सामान दुकानों के अंदर रखने को कहा गया है। उधर, उच्च मार्ग के अधिशासी अभियंता सुनील कपूर का कहना है कि पुलिस की मदद से सड़क पर सामान रखने वाले दुकानदारों से सख्ती से निपटा जएगा।

Related posts