
रामपुर बुशहर। विकास खंड रामपुर के एक और प्रधान सरकारी धन के दुरुपयोग मामले में फंस गए हैं। प्रारंभिक जांच में दोषी पाए जाने पर उपायुक्त शिमला ने बधाल पंचायत प्रधान तुला राम चौहान को कारण बताओ नोटिस जारी कर दस दिन में जवाब मांगा है। अगर प्रधान संतोषजनक जवाब न दे पाए तो उनके खिलाफ हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम 1994 की धारा 145(1)(ग) के अधीन कार्रवाई तय है।
बधाल पंचायत के प्रधान तुला राम चौहान के खिलाफ पूर्व प्रधान रमेशचंद सोनी ने सरकारी धन के दुरुपयोग की शिकायत की थी। इस पर उनके खिलाफ प्रारंभिक जांच बिठाई गई। रामपुर ब्लॉक पंचायत निरीक्षक अश्वनी कुमार ने बतौर जांच अधिकारी जांच की। अधिकारी की ओर से की गई प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि विकास कार्यों में कई अनियमितताएं पाई गई हैं। पंचायत निरीक्षक अश्वनी कुमार ने प्रारंभिक जांच में प्रधान के दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि उपायुक्त ने दस दिन के भीतर जवाब मांगा है। यदि प्रधान संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए तो फिर उनके खिलाफ पंचायती राज अधिनियम के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
