
सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल सरकाघाट में कृषि विभाग की लापरवाही से किसान दिक्कताें से जूझ रहे हैं। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत धान, सिंचाई उपकरणों तथा कीटनाशकों पर उपमंडल के किसानाें को सब्सिडी न देने पर किसान यूनियन बिफर गई है। किसान यूनियन प्रदेशाध्यक्ष सूंका राम ठाकुर तथा जिलाध्यक्ष भूप चंद ठाकुर ने कृषि विभाग की कार्यप्रणाली पर रोष प्रकट किया है। वहीं, विभाग पर किसानों की समस्याआें को अनदेखा करने का आरोप लगाया है। उक्त नेताओं का कहना है कि उपमंडल के किसानों द्वारा विभाग से खरीदे गए बीजाें एवं उपकरणाें के बिल कई महीनाें से विभागीय कार्यालयाें में लंबित पड़े हैं। किसान विभागीय कार्यालयाें के बार-बार चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें अनुदान का भुगतान नहीं हो रहा है। कहा कि किसान जिला कृषि अधिकारी से भी गुहार लगा चुके हैं, मगर किसानाें की समस्या पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। किसान यूनियन नेताओं ने मुख्यमंत्री तथा कृषि मंत्री से हस्तक्षेप का आग्रह किया है। किसान सभा ने हमीरपुर और कांगड़ा जिला की तर्ज पर किसानाें को शीघ्र अनुदान भुगतान करने तथा लापरवाह विभागीय अधिकारियाें के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाने की भी मांग की है अन्यथा किसान सभा आंदोलनरत हो जाएगी। इस बारे में जिला कृषि उपनिदेशक हरीश जम्वाल का कहना है कि किसानाें के सब्सिडी बिल देरी से आने पर भुगतान में देरी हुई है। 15 दिन के अंदर किसानाें को भुगतान कर दिया जाएगा।
सब्सिडी का शीघ्र भुगतान किसानों का हक है। सरकार द्वारा समय पर विभाग को धन उपलब्ध करवा दिया गया है। मामले की जांच की जाएगी। दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सुजान सिंह पठानिया कृषि मंत्री।
