
सरकाघाट (मंडी)। सरकाघाट शहरी कांग्रेस कमेटी को हाईकमान ने भंग कर दिया है। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव हरभजन सिंह भज्जी ने यह आदेश जारी किए हैं। इसमें स्पष्ट किया है कि आदेश की अवमानना करने और गुमराह करने वाले कार्यकर्ताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी तरफ इस फैसले का ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने भी स्वागत किया है। शहरी कांग्रेस कमेटी का कहना है कि वे मौजूदा वक्त में हाईकमान के फैसले का स्वागत करते हैं। सरकाघाट ब्लॉक कांग्रेस के दो धड़ों में छिड़ी लड़ाई किसी से छिपी नहीं है। शहरी कांग्रेस कमेटी पर यह कार्रवाई उसी का परिणाम माना जा रहा है। शहरी कांग्रेस कमेटी के मामले को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के ध्यान में लाया गया था। इस पर सरकाघाट ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष योगराज ठाकुर के नाम लिखे पत्र में पार्टी महासचिव ने स्पष्ट किया है कि शहरी कांग्रेस सरकाघाट के नाम पर किसी कमेटी को मंजूरी प्रदेश कांग्रेस कमेटी से नहीं मिली है। यदि भविष्य में सरकाघाट ब्लॉक कांग्रेस के तहत कार्यकर्ताओं ने शहरी कांग्रेस कमेटी के नाम से किसी को गुमराह किया और समाचार पत्रों में बयान दिया तो उनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सरकाघाट के अध्यक्ष योगराज, उपाध्यक्ष सुनील चड्ढा और युकां अध्यक्ष अनिल शर्मा ने पार्टी के फैसले पर खुशी जाहिर की है।
कौल सिंह के कहने पर हुआ था गठन
शहरी कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अश्वनी गुलेरिया ने कहा कि सरकाघाट शहरी कांग्रेस इकाई का गठन तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर कौल सिंह के कहने पर हुआ था। मौजूदा वक्त में वे पार्टी हाईकमान के फैसले का सम्मान करेंगे।
