सम्मान का पाठ पढ़ाने वालों ने किया तिरंगे का ‘अपमान’

चंबा/टिहरी। स्वतंत्रता दिवस पर प्राथमिक विद्यालय पिपलेथ में राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का मामला प्रकाश में आया है। विद्यालय के किसी अध्यापक के न पहुंचने पर शिक्षा प्रेरक ने झंडा तो फहराया लेकिन उसे उतारना भूल गया। शुक्रवार को गुस्साए अभिभावकों ने विद्यालय में ताला जड़कर प्रदर्शन किया। कार्रवाई न होने तक स्कूल नहीं खोलने देने की धमकी दी है। जूनियर हाईस्कूल पोनड़ा और प्राथमिक विद्यालय कोठी नैलचामी ने ध्वजा रोहण नहीं किया गया। छात्र-छात्राएं विद्यालय पहुंचे लेकिन शिक्षकों के न पहुंचने के कारण उन्हें निराश लौटना पड़ा। मुख्य शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह रावत ने खंड शिक्षा अधिकारी को जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
प्राथमिक विद्यालय पिपलेथ में बृहस्पतिवार को सुबह 9.30 बजे तक जब कोई शिक्षक नहीं पहुंचा तो शिक्षा प्रेरक ने झंडा फ हराकर औपचारिकता निभाई और घर चला गया। शाम को ग्रामीणों ने झंडा लहराते देखा तो उसे उतारा। शुक्रवार की सुबह ग्रामीण इस बारे में शिकायत करने स्कूल पहुंचे तो तब भी वहां कोई शिक्षक मौजूद नहीं था जिससे अभिभावकों ने बच्चों को घर भेजकर स्कूल पर ताला जड़ दिया। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज के अपमान के मामले में कार्रवाई की मांग की और कार्रवाई होने तक स्कूल नहीं खुलने देने की चेतावनी दी। तालाबंदी करने वालों मेें ग्राम प्रधान भावना भंडारी, प्रेम सिंह नेगी, कुंवर सिंह नेगी, मकान सिंह, चंदन सिंह नेगी, कुलवीर सिंह आदि शामिल थे।
पोनाड़ा के प्रधान पूरब सिंह ने पंवार ने बताया कि जूनियर हाईस्कूल और कोठी नैलचामी प्राथमिक विद्यालय में ध्वजारोहण नहीं किया गया। छात्र-छात्राएं तो विद्यालय पहुंचे थे। लेकिन एक भी शिक्षक विद्यालय में नहीं आया। मुख्य शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि पोनड़ा और कोठी नैलचामी विद्यालय का मामला तो संज्ञान में आया गया था। लेकिन पिपलेथ विद्यालय की जानकारी नहीं है। खंड शिक्षा अधिकारी को जांच कर तुरंत ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश जारी कर दिए।

Related posts