‘समाज को बांटने वालों से निपटना हर देशवासी की जिम्मेदारी’

‘समाज को बांटने वालों से निपटना हर देशवासी की जिम्मेदारी’

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने देश के कुछ हिस्सों में हाल में हुए दंगों पर अफसोस जताते हुए आज कहा कि मुट्ठी भर लोग समाज में दरार डाल रहे हैं और उनका मुकाबला करना हर देशवासी की जिम्मेदारी है।

डा. सिंह ने यहां राष्ट्रीय साम्प्रदायिक सद्भावना पुरस्कार समारोह को संबोधित करते हुए हाल में हुए दंगों पर गहरा दुख जाहिर किया। उन्होंने कहा कि हर देशवासी को राजनीति और समाज में सौहार्द और भाईचारे को बढ़ावा देने में अपनी व्यक्तिगत और सामूहिक भूमिका के बारे में विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में दरार पैदा करने के लिए मुट्ठी भर लोग जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि भारत जैसे धर्मनिरपेक्ष समाज में इन विभाजनकारी ताकतों का मुकाबला करना हर देशवासी का दायित्व है।

प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर देश को आश्वस्त किया कि सरकार साम्प्रदायिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। समारोह में समाजसेवियों मिजोरम के खाम लियाना और ओडिशा के मोहम्मद अब्दुल बारी तथा सामाजिक संगठन फाउंडेशन फार एमिटी एंड नेशनल सालिडरिटी को पुरस्कृत किया गया। साम्प्रदायिक सद्भावना पुरस्कारों में प्रशस्ति पत्र के अलावा संगठन को पांच लाख और व्यक्ति को दो लाख रुपए दिए जाते हैं।

Related posts