
श्रीनगर। मेडिकल कालेज में विभिन्न संवर्गों के तहत कार्यरत कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं लिए लड़ाई का ऐलान करते हुए महासंघ का गठन किया। वेतन के लिए कई माह तक इंतजार करने तथा वेतन वृद्धि न करने से नाराज कर्मियों ने शासन पर दबाव बनाने के लिए एकजुट होने की योजना बनाई है।
मेडिकल कालेज की स्थापना के बाद लगातार तीन वर्षों तक एमसीआई के मानकों की पूर्ति तथा मेडिकल कालेज की जरूरत पूर्ण करने के लिए कर्मचारियों की नियुक्ति की गई। ये कर्मचारी पैरामेडिकल, नर्सिंग, टेक्निकल, लिपिकीय, फार्मेसिस्ट, चतुर्थ श्रेणी आदि पदों पर कार्यरत हैं। कालेज में तैनात यह कर्मी दैनिक वेतन 140 रुपये प्रतिदिन से लेकर 7 से 14 हजार रुपये प्रतिमाह के नियत वेतन पर भी कार्यरत हैं। बेस चिकित्सालय में आयोजित बैठक में सभी संवर्गों के कर्मियों ने अपनी समस्याओं को एक मंच पर लाने के लिए महासंघ का गठन किया। महासंघ में संदीप पंवार संरक्षक, पैरामेडिकल संवर्ग के मनमोहन बर्त्वाल अध्यक्ष, नर्सिंग संवर्ग के मोहर सिंह और अरुण बडोनी उपाध्यक्ष, लिपिकीय संवर्ग के प्रदीप नेगी सचिव, नियत संवर्ग के दीपसागर झिंक्वाण, ज्योति रावत, दीनदयाल, शशिभूषण को सह सचिव, अनिल सेमवाल कोषाध्यक्ष और सुनील रतूड़ी प्रवक्ता सर्वसम्मति से चुने गए।
