समस्याएं हल न हुई तो सड़कों पर उतरेंगे

रामपुर बुशहर। क्षेत्र की समस्याओं को लेकर डंसा का नोग युवक मंडल एसडीएम रामपुर से मिला। इस दौरान युवाओं ने एसडीएम रामपुर दलीप नेगी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। युवक मंडल ने प्रशासन को चेताया है कि अगर दस दिन में उनकी मांगों को नहीं माना गया तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
युवक मंडल का कहना है कि ग्राम पंचायत डंसा के लोग अभी भी स्वास्थ्य, शिक्षा और यातायात जैसी सुविधा से महरूम हैं। युवक मंडल के प्रधान देश राज हुड्डन ने बताया कि सरकारी बसों की आवाजाही समय पर न होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने मांग की है कि रामपुर-जगुनी और रामपुर-डंसा-लालसा-पनोली जाने वाली बसों को समयसारिणी के अनुसार चलाया जाए। साथ ही उन्होंने जगुनी, गौरा, सराहन जाने वाली बसें पुराना बस अड्डा से चलाने और निजी बसों को बंद करने की भी मांग की।
युवक मंडल ने माध्यमिक पाठशाला जगुनी में विज्ञान अध्यापक का पद जो पिछले एक साल से रिक्त पड़ा है, उसे जल्द भरने की मांग की है। वहीं, डंसा में सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में भी पिछले एक साल से डाक्टर का पद रिक्त पड़ा है। क्षेत्र के लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए रामपुर आना पड़ता है। युवक मंडल के सदस्यों ने चेतावनी दी है कि यदि 10 दिन तक उनकी मांगों को नहीं माना गया तो युवक मंडल युवाओं के साथ भूख हड़ताल और सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। इस मौके पर नोग युवक मंडल के प्रधान देशराज हुड्डन, सचिव राज मेहता, पूर्व प्रधान पवन हुड्डन, लेख राज नेगी, राज गौतम, चंद्र गौतम सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Related posts