
नई दिल्ली (धनंजय कुमार): तंग गलियां, टूटी सड़कें, पानी के लिए रात भर जागना और घर में एक ईंट जोडऩे के लिए भी पुलिस से लेकर दिल्ली नगर निगम तक को चढ़ावा चढ़ाने को मजबूर लोग। जी हां! यह तस्वीर है लक्ष्मी नगर विधानसभा की, जहां कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी डॉ. अशोक वालिया, भाजपा अभय वर्मा व आम आदमी पार्टी से विनोद बिन्नी भाग्य आजमा रहे हैं।
तीनों ही पार्टियों यहां के लोगों को से तमाम बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने का दावा कर रही हैं, जिसके लिए यहां के निवासी पिछले कई वर्षों से परेशान हैं। समय अपनी गति से आगे बढ़ता गया और समय के साथ इनकी समस्याएं खत्म होने के बजाय चींखती रही। वालिया अपने क्षेत्र में पिछले पांच वर्षों में किए कार्यों की दुहाई देकर वोट मांग रहे हैं तो पूर्वांचली मतदाताओं की संख्या अधिक होने की वजह से भाजपा प्रत्याशी अभय वर्मा जीत की ताल ठोक रहे हैं।
वर्मा पूर्वांचलियों को बेहतर सुविधा दिलाने का नारा दे रहे हैं। उधर, आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी विनोद बिन्नी ने निर्दलीय निगम पार्षद रहते हुए आप पार्टी ज्वाइन किया और उसी के टिकट पर विधानसभा चुनावी मैदान में उतरे हैं जिनके पास अपने निगम क्षेत्र में किए विकास कार्यों का उदाहरण है। ऐसे में तीनों प्रत्याशियों के पास अपने-अपने मुद्दे हैं। जिसपर जुबानी जंग से जनता को रिझाकर चुनाव जीतने की कोशिश जारी है।
