समर स्पेशल ट्रेन को मिलेगा एक्स्टेंशन!

हल्द्वानी। लालकुआं से लखनऊ और छपरा को चलने वाली विशेष ग्रीष्मकालीन रेलगाड़ियों को एक महीने का और विस्तारीकरण मिल सकता है। यात्रियों की मांग को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल मुख्यालय को प्रस्ताव भेजेगा।
लालकुआं से लखनऊ को नैनीताल एक्सप्रेस संचालित होती थी, जो बंद हो गई है। इसके चलते लखनऊ और दूसरी जगह जाने वाले यात्रियों का दबाव बाघ एक्सप्रेस पर आ गया है। पर्यटन सीजन में यात्रियों की संख्या और बढ़ने पर पूर्वोत्तर रेलवे ने लालकुआं से लखनऊ एवं छपरा को स्पेशल ट्रेन संचालित की। इस ट्रेन की समय सीमा इसी माह खत्म हो रही है, जबकि यात्रियों का दबाव बना हुआ है। इसे देखते हुए रेलवे ट्रेन को कम से कम जुलाई तक और संचालित करने पर विचार कर रहा है। रेल अधिकारियों के अनुसार इस संबंध में प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा जा रहा है। उम्मीद है कि एक्स्टेंशन मिल जाएगा। वहीं, ट्रेन को नियमित करने के संबंध में डीआरएम उमेश सिंह ने बताया कि ट्रेन की आक्यूपेंशी अस्सी प्रतिशत है, करीब सौ प्रतिशत होने पर इस पर गंभीरता से विचार किया जा सकता है।

स्टेशन का निरीक्षण किया
हल्द्वानी। डीआरएम उमेश सिंह ने शुक्रवार को काठगोदाम स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों की सुविधा के लिए बने फुटओवर ब्रिज को भी देखा। पहले एफओबी के उद्घाटन की योजना थी, जिसे राजकीय शोक के चलते टाल दिया गया। इसके बाद डीआरएम ने निर्माणाधीन योजनाओं की प्रगति के बारे में अधिकारियों से विस्तार से जानकारी मांगी। उन्होंने निरीक्षण के बाद बताया कि हाल में बाढ़ आदि से कुमाऊं में कहीं भी रेलवे ट्रैक, संपत्ति पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। परियोजनाओं को सही समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

Related posts