समर फेस्टिवल के नाम पर लोगों से लूट खसोट

रामपुर बुशहर। राजधानी शिमला में एक जून से शुरू हो रहे अंतरराष्ट्रीय ग्रीष्मोत्सव के लिए सरकारी दफ्तरों में लोगों से लूट खसोट हो रही है। काम करने की एवज में ये वसूली हो रही है। सरकारी दफ्तरों में बाकायदा पर्चियां पहुंचाई गई हैं। यही नहीं पर्ची पर 50 रुपये प्रिंट है जबकि इसे पैन से 100 रुपये कर दिया गया है।
ऐसा ही मामला बुधवार को एसडीएम कार्यालय में सामने आया। शपथ पत्र बनवाने आए अमरजीत ने बताया कि उनसे 100 रुपये वसूले गए हैं। हालांकि पर्ची पर 50 रुपये लिखा था, लेकिन पैन के साथ 50 की जगह 100 रुपये बना दिए गए। अधिवक्ता प्रशांत सिंह ने भी कहा कि यहां आने वालों से जबरन वसूली की जा रही है।
उपायुक्त दिनेश मल्होत्रा ने कहा कि समर फेस्टिवल के लिए अनुमानित बजट पैंतीस लाख है। राज्य सरकार के अलावा बड़ी कंपनियां भी फंड देती हैं। जिला स्तर पर भी अधिकारी रसीद बुक के आधार पर फंड एकत्रित कर रहे हैं। दलेर मेंहदी को कितना मेहनताना दिया जा रहा है, उन्हें नहीं मालूम है।
————-
2011 में सीएम ने लगाई थी रोक
सितंबर 2011 में तत्कालीन मुख्यमंत्री ने इस प्रकार की वसूली पर रोक लगा दी थी। उस समय हमीरपुर में एक महिला से उसके पति के मुआवजे की राशि से इस प्रकार की वसूली की गई थी।
——-
रिज पर म्यूजिकल बैंड कार्यक्रम
शिमला। ग्रीष्मोत्सव के दौरान विभिन्न स्कूलों के लिए इस बार म्यूजिकल बैंड कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। 31 मई तक रिज मैदान पर 5 से 7 बजे तक कार्यक्रम होंगे। अतिरिक्त उपायुक्त डा. एनके लट्ठ ने इन कार्यक्रमों का रिज मैदान पर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में कई स्कूलों के बच्चे हिस्सा ले रहे हैं ।

Related posts