समय पर भेजें राशन की सप्लाई

तीसा (चंबा)। डिपो होल्डर संघ चुराह की बैठक तीसा में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रधान बशीर मोहम्मद ने की। इसमें तीसा के लगभग समस्त डिपो होल्डरों ने भाग लिया। इस दौरान संघ के सदस्यों ने खाद्य आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर अजय कौंडल से भी चर्चा की और उनसे हर माह तीसा के लिए राशन का पूरा कोटा भेजने का आग्रह किया। डिपो होल्डरों ने बताया कि राशन पूरा न पहुंचने के कारण उपभोक्ता उन्हें तंग करते हैं। उन्होंने विभाग से मांग की है कि समय पर राशन की सप्लाई डिपुओं को भेजी जाए। डिपो होल्डर संघ ने बताया कि तीसा के 64 डिपुओं में अभी तक इस माह की 150 क्विंटल माह की दाल, 131 क्विंटल चना दाल व आटे की सप्लाई नहीं पहुंची है। संघ के अध्यक्ष ने कहा कि समय पर राशन न पहुंचने से लोगों को मजबूरन महंगी दरों पर राशन खरीदना पड़ रहा है। इस कारण लोग काफी परेशान हैं और जल्द राशन उपलब्ध करवाने की मांग कर रहे हैं। इस मौके पर संघ के उप प्रधान हरीश कुमार, महा सचिव देवी सिंह, कोषाध्यक्ष कर्म सिंह, मान सिंह मौजूद रहे।

Related posts