
अल्मोड़ा। जिले के पशु अस्पतालों में पशु पालकों को दिए जाने वाले मक्का, बाजरा, एसएसजी चारा आदि बीज उपलब्ध नहीं हैं। इस कारण पशुपालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिले में 35 पशु अस्पताल हैं लेकिन एक भी अस्पताल में बीज उपलब्ध नहीं है। 1.40 लाख का बजट स्वीकृत होने के बावजूद पशुपालन विभाग ने अब तक बीज नहीं मंगाया है।
पशु अस्पतालों से पशुपालकों को मक्का, लोबिया, एसएसजी चारा आदि बीज मुफ्त में दिया जाता है लेकिन इस बार जिले के 35 पशु अस्पतालों में बीज उपलब्ध नहीं है। पशुपालक बीज के लिए आए दिन पशु अस्पतालों के चक्कर काट रहे हैं लेकिन बीज नहीं मिलने के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. केके जोशी ने बताया कि जिले के 35 पशु अस्पतालों में बीज के लिए 1.40 लाख रुपये का बजट स्वीकृत हो गया है। उन्होंने बताया कि स्वीकृत बजट से 20 कुंतल मक्का, पांच कुंतल लोबिया, पांच कुंतल एसएसजी चारा बीज मंगाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बीज की आपूर्ति करने वाली फर्मों की दरें मिलने के बाद शीघ्र ही बीज मंगाया जाएगा। डा. जोशी ने कहा कि पशु अस्पतालों से काश्तकारों को यह बीज मुफ्त वितरित किया जाता है। इधर नगर के खोल्टा निवासी मथुरा दत्त मिश्रा आदि का कहना है कि बीज नहीं मिलने के कारण काफी दिक्कतें हो रही हैं। उन्होंने कहा कि समय पर बीज नहीं मिलने पर खेत बंजर रह जाएंगे। उन्होंने अस्पतालों में बीज की शीघ्र आपूर्ति करने की मांग की है।
