

कानपुर देहात : बाहरी युवकों की सूचना न देने पर मकान मालिक पर रिपोर्ट
अकबरपुर कस्बे में शुक्रवार शाम को एक मकान में जम्मू व मुरादाबाद के 12 युवक मिले थे। थर्मल जांच व सैनिटाइजेशन के साथ सभी को होम क्वारंटीन किया गया था। रुके युवकों की सूचना न देने पर शनिवार को पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
एसडीएम सदर आनंद कुमार सिंह ने शुक्रवार को सूचना मिलने पर स्वास्थ्य टीम के साथ एक घर में रुके जम्मू के नौ व मुरादाबाद के तीन युवकों के स्वास्थ्य की जांच कराई थी। हालांकि इन युवकों में कोरोना के लक्षण नहीं मिले। एहतियातन सभी को सैनिटाइज कराने के बाद होम क्वारंटीन किया गया है।
एसडीएम ने बताया कि यह युवक गुजरात के सुशील के अंडर में सेल्स ट्रेनी हैं। सुशील से शनिवार को भी पूछताछ की गई। मकान मालिक ने रुके युवकों की सूचना नहीं दी थी। चौकी इंचार्ज ने बताया कि मकान मालिक अयोध्यानगर, अकबरपुर निवासी रामशंकर द्विवेदी पर लॉकडाउन उल्लंघन में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
श्रीनगर (महोबा) : आरती करने पर पुजारी समेत आठ पर केस दर्ज
जिले में चल रहे लॉकडाउन के चलते कहीं पर भी भीड़ एकत्र करने पर रोक लगा दी है।
शुक्रवार की शाम को मौजा पठारी में कुष्मांडा देवी मंदिर में आरती की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरती करने पर रोक लगा दी थी। पुलिस के जाने के बाद मंदिर में पुन: आरती शुरू हो गई। आरती चलने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ठल्लू रैक्वार, मुन्ना रैक्वार समेत आठ लोगों पर मुकदमा दर्ज करा दिया है।
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुजारी समेत सभी लोग फरार हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। मंदिर में आरती करने पर मुकदमा दर्ज किए जाने से लोगों में असंतोष है। थानाध्यक्ष श्रीनगर वीरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि मंदिर में आरती करने की सूचना मिलने पर पुलिस ने पहुंचकर उन्हें रोक दिया था। पुलिस के लौटने पर फिर आरती शुरू कर दी, तभी मामला लिखा गया।
पडरौना (कुशीनगर) : क्वारंटीन सेंटर से भागे 12, दरोगा समेत छह पुलिसकर्मी निलंबित
बृहस्पतिवार की रात श्री गांधी स्मारक इंटर कालेज हाटा स्थित क्वारंटीन सेंटर से बिहार प्रांत के 12 मजदूर भाग निकले थे। एक दिन पहले ही इनको यहां 14 दिनों के लिए क्वारंटीन किया गया था। रात में ही पुलिस ने इनकी खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं लगा था। शुक्रवार सुबह एसडीएम की मौजूदगी में क्वारंटीन लोगों की जांच में यह मामला सार्वजनिक हुआ था।
एसपी विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात रहे हाटा कोतवाली के एसआई विजय शंकर यादव, कांस्टेबल भगवान सिंह, श्यामसुंदर, अनिल मौर्या, सत्यम राय व सुभाष को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा सभी थानेदारों को अपने क्षेत्र के क्वारंटीन सेंटरों पर निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया गया है।
बहराइच : जबरन नमाज पढ़ने जा रहे छह गिरफ्तार, दस नामजद व 25 अज्ञात पर केस
पुलिस ने गांव निवासी अब्दुल सद्दाम, शमसेर, करीम, कदीम समेत गिरफ्तार छह लोगों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक पंकज सिंह ने बताया कि गांव निवासी 25 अज्ञात के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। चार नामजद व 25 अज्ञात लोग फरार हो गए थे। सभी के खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
