सभी क्षेत्रों में समान रूप से योजनाएं लागू करें : नेगी

अल्मोड़ा। जिले के प्रभारी एवं चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने पेयजल समस्या से निपटने के लिए दीर्घकालिक योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए तटबंध निर्माण के साथ ही बर्शिमी में बांध निर्माण को ठोस पहल की जाएगी। सभी क्षेत्रों में समान रूप से योजनाएं लागू हों। इसका विशेष ध्यान रखा जाए। श्री नेगी विकास भवन में जिला नियोजन और अनुश्रवण समिति की बैठक ले रहे थे।
उन्होंने कहा कि भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार कार्ययोजना तैयार करनी होंगी। पलायन रोकने को ठोस निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मार्च में हुई समिति की बैठक में जिले के लिए 56.07 करोड़ की योजना अनुमोदित की गई थी। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा तैयार योजनाओं पर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि जिन विभागों की योजनाएं अब तक शामिल नहीं की गई हैं वह क्षेत्रीय विधायकों, जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर योजना को अंतिम रूप दें, ताकि शासन स्तर से धनराशि आवंटित की जा सके। मंत्री ने पानी की समस्या से निपटने को रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम कड़ाई से लागू करने पर जोर दिया। जंगली जानवरों द्वारा फसल को पहुंचाए जा रहे नुकसान को रोकने के लिए उद्यान, कृषि और वन विभाग को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

Related posts