
बिलासपुर। शहर के मीट मार्केट में बनी सब्जी मंडी में ट्रैफिक जाम की समस्या विकराल होती जा रही है। दूर-दूर से अपने कृषि और बागवानी उत्पादों को लेकर यहां पहुंच रहे लोगों को वाहन पार्क करने तक की सुविधा नहीं है। इस वजह से यहां व्यापारियों, किसानों समेत यहां से हर रोज गुजरने वाले लोगों को हर रोज दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक समस्या सुबह के समय हो रही है।
सड़क के बीचों बीच पड़े सामान और बेतरतीब तरीके से खड़े वाहन पूरी सड़क को रोक देते हैं। इससे आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। स्थानीय लोगों ने इस समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की प्रशासन से मांग की है। सुबह आठ बजे से लेकर करीब 11 बजे तक इस जगह पर इस तरह की समस्या रहती है। जाम के कारण यहां लोगों में कहासुनी की बातें भी आम हो गई है। नगर के सुरेंद्र गुप्ता, राज वर्मा, रवि कुमार, अश्वनी, अजय, सुमित, अनीश आदि ने बताया कि यहां पर आए दिन लगने वाले बेतरतीब जाम से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। पुलिस को भी इस समस्या के बारे में अवगत कराया गया है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही। लोगों ने इलाके में पुलिस जवानों की तैनाती की मांग की है। उधर, इस संदर्भ में कृषि उपज विपणन समिति के अध्यक्ष विवेक कुमार ने कहा कि बिलासपुर सब्जी मंडी में मार्केट यार्ड बनाने का प्रपोजल है। निलामी मंच भी बनाया जाएगा। इसके बाद समस्या का समाधान हो जाएगा।
