सब्जी मंडी में गाड़ी खड़ी करने का लगेगा शुल्क

शिमला। सब्जी मंडी की सड़क पर अब लोग मनमाफिक वाहनों को पार्क नहीं कर सकेंगे। यहां अब गाड़ी खड़ी करने का शुल्क लगेगा। नगर निगम की जनरल फंक्शनिंग कमेटी ने सब्जी मंडी में येलो लाइन लगाने के लिए अनुमति दे दी है। इसके अलावा ऑकलैंड स्कूल के पास सड़क पर भी येलो लाइन लगाई जाएगी।
महापौर संजय चौहान की अध्यक्षता में जीएफसी की बैठक में पार्षद सुशांत कपरेट, शैलेंद्र चौहान, दीपक रोहाल सहित आयुक्त अमरजीत सिंह, सहायक आयुक्त नरेश ठाकुर और अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सब्जी मंडी सड़क पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए येलो लाइन लगाने की अनुमति दी गई। कहा गया कि सड़क के किनारे वाहन खड़े करने से नालियां टूट चुकी हैं। लोग मनमाफिक यहां वाहनों को पार्क करते हैं। अगर यहां येलो लाइन लग जाए तो नगर निगम की आय बढ़ेगी। इस आय को इसी सड़क के रखरखाव पर खर्च किया जाएगा। महापौर संजय चौहान ने बताया कि केबल बिछाने के लिए बार-बार सड़कों की खुदाई को रोकने के लिए ऑप्टिकल फाइबर बिछाने का फैसला लिया गया है। किसी आईटी कंपनी को यह काम सौंपा जाएगा। फाइबर बिछाकर इच्छुक कंपनियों को यहीं से कनेक्शन दिए जाएंगे।

Related posts