
मंडी (महादेव)। रेट लिस्ट को लेकर उपजा विवाद अभी तक नहीं थम पाया है। वीरवार को मंडी शहर के सब्जी और फल विक्रेताओं ने तीसरे दिन भी हड़ताल कर कारोबार बंद रखा। सब्जी विक्रेताओं और आढ़तियों की हड़ताल से जिले की कांगणी और धनोटू सब्जी में लाखों का कारोबार प्रभावित हुआ है। मंडी शहर में सब्जी के लिए लोग काफी परेशान है। हालांकि दोपहर बाद चौहटा और सेरी मंच के पास किसानों ने सब्जी बेची।
जिला प्रशासन और कृषि उपज एवं विपणन समिति की ओर से रेट लिस्ट लगाने तथा 10 से 25 प्रतिशत लाभ पर सब्जी के दाम तय करने को लेकर मंडी शहर के फुटकर सब्जी विक्रेता हड़ताल पर हैं। तीसरे दिन मंडी शहर में सब्जी और फल विक्रेताओं ने कारोबार बंद रखा। साथ ही सुंदरनगर के सब्जी और फल विक्रेताओं ने भी वीरवार से हड़ताल शुरू कर दी है। मंडी शहर से सटे कांगणी और सुंदरनगर की कृषि उपज एवं विपणन समिति धनोटू में सब्जी और फलों का कारोबार ठप रहा। कांगणी सब्जी मंडी में प्रति दिन करीब दस लाख रुपये का सब्जी और फलों का कारोबार होता है। कृषि उपज एवं विपणन समिति धनोटू में करीब चार लाख का कारोबार प्रतिदिन रहता है।
धनोटू सब्जी मंडी के आढ़ती बालक राम ने बताया कि धनोटू मंडी में हर रोज सौ से डेढ़ सौ क्विंटल सब्जी और फलों का कारोबार होता है। तीन दिनों से यहां से एक किलो सब्जी और फल तक नहीं बिके हैं। प्रतिदिन कृषि उपज एवं विपणन समिति धनोटू में सब्जी और फल की आमद रुक जाने से क्षेत्र के किसानों की हालत खराब होने लगी है। साथ ही हड़ताल का असर ट्रांसपोर्टरों पर भी पड़ रहा है। व्यापारियों ने धमकी दी है कि अगर जिला प्रशासन शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं करता है तो हड़ताल जारी रहेगी। सब्जी फल विक्रेता संघ के प्रधान प्रेम सैणी, महासचिव सतीश कुमार, संजय, योगेश, रामचंद्र, कृष्ण, सुशील और निर्मल ने बताया कि शुक्रवार को एसडीएम सुंदरनगर के माध्यम से सीएम को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
