सफलता का कोई शॉर्ट कट नहीं : सुधीर

धर्मशाला। शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा ने कहा कि जीवन में कठिन परिश्रम के बिना कुछ भी हासिल नहीं हो सकता है। सफलता का कोई शॉर्ट कट नहीं होता। अपनी मनचाही मंजिल के लिए हमें मीलों का रास्ता तय करना पड़ता है। बुधवार को शहरी विकास एवं आवास मंत्री सुधीर शर्मा ने अजीत मेमोरियल धौलाधार पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला योल के वार्षिक समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए मेधावी बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कहा कि प्रदेश के अस्तित्व में आने के बाद शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। वर्तमान में साक्षरता दर बढ़कर 84 प्रतिशत हो गई है, जबकि वर्ष 1948 में यह मात्र आठ प्रतिशत ही थी। प्रदेश में चालू वित्त वर्ष के दौरान शिक्षा के सुदृढ़ीकरण पर 3836 करोड़ की राशि व्यय की जा रही है, जोकि कुल बजट का 18 प्रतिशत है। सुधीर ने विद्यार्थियों से आह्वान करते हुए कहा कि प्रतिस्पर्धा के युग में अधिक परिश्रम करने की आवश्यकता है, तभी हम उद्देश्य को हासिल कर सकते हैं। इससे पूर्व प्रधानाचार्य सुभाष चंद कटोच ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। बच्चों की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों ने देशभक्ति गीत, फैंसी ड्रेस शो, कन्या भ्रूण हत्या तथा ढोंगी बाबा आदि लघुनाटिकाएं प्रस्तुुत करके देश में फैल रही कुरीतियों को समाप्त करने का संदेश दिया। इस मौके पर एडीएम राकेश शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पप्पी, सामान्य उद्योग निगम के निदेशक रामस्वरूप, पीटीए प्रधान दुर्गेश नंदिनी, भूषण लाल मराठा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related posts