
भरमौर (चंबा)। मणिमहेश यात्रा को मद्देनजर रखते हुए चंबा-भरमौर मार्ग पर ददमा से हड़सर सड़क पर रखी निर्माण सामग्री को हटाया जाएगा। लोक निर्माण विभाग की ओर से निर्माण सामग्री को हटाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। ऐसा न करने पर लोक निर्माण विभाग की ओर से निर्माण सामग्री को कब्जे में ले लिया जाएगा। प्राप्त जानकारी के मुताबिक चंबा-भरमौर मार्ग पर लोगों ने सड़क के किनारे बजरी, रेत व अन्य निर्माण सामग्री फेंक रखी है। इससे वाहनों की आवाजाही में दिक्कतें पेश आ रही हैं।
खासतौर पर ददमा से लेकर पट्टी तक और बस्ती में लोगों ने घर के निर्माण के लिए बजरी रेत सड़क किनारे फेंक रखी होती है। एक तो यह सड़क काफी तंग है। इसके अलावा इस सड़क पर निर्माण सामग्री होने के कारण बाहर से आने वाले श्रद्धालु व वाहन चालकों को परेशानी पेश आती है। जैसे-जैसे मणिमहेश यात्रा नजदीक आ रही है श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा हो रहा है। अधिकतर श्रद्धालु अपने वाहन लेकर ही यहां पहुंच रहे हैं। पार्किंग की व्यवस्था न होने के कारण उन्हें काफी परेशानी हो रही है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता नीरज जम्वाल ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की ओर से मणिमहेश यात्रा के दौरान सड़क किनारे पड़ी निर्माण सामग्री को एक हफ्ते के भीतर हटाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। ऐसा न होने पर विभाग की ओर से निर्माण सामग्री को कब्जे में ले लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि मणिमहेश यात्रा का भरमौर महत्वपूर्ण पड़ाव है। श्रद्धालुओं को भरमाणी जाने के लिए यहां पर वाहन खड़े करने पड़ते हैं। पार्किंग की व्यवस्था न होने के कारण वाहनों को सड़क किनारे ही पार्क करना पड़ता है।
