
शिमला।(सोनिया)अचानक बुकिंग बंद होने से गैस उपभोक्ता मुश्किल में पड़ गए हैं। रसोई गैस सब्सिडी के लिए लिंकेज से तो राहत मिली है लेकिन सिलेंडर न मिलने से चूल्हे ठंडे पड़ गए हैं। जिन लोगों के सिलेंडर खत्म हो गए हैं या खत्म होने वाले हैं वे जैसे-तैसे सिलेंडर पाने की कोशिश में लगे हैं। बुकिंग बंद होने की वजह से जान पहचान वाले भी सिलेंडर देने से मना कर रहे हैं। सोमवार से सप्लाई सामान्य होने की बात कही जा रही है लेकिन जो उपभोक्ता सोमवार को सिलेंडर बुक कराएगा, उसे कम से कम एक सप्ताह बाद सप्लाई नसीब होगी।
शहर की सात गैस एजेंसियों में शुक्रवार तक करीब एक हजार सिलेंडरों का बैकलॉग हो गया है। शनिवार को एजेंसियों ने नई गैस बुकिंग नहीं ली है। रविवार को भी बुकिंग नहीं होगी। गैस एजेंसियों में पहुंच रहे उपभोक्ताओं को सोमवार दोपहर बाद आने को कहा जा रहा है। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर स्कीम के बंद होने के चलते गैस कंपनियों के सॉफ्टवेयर अपडेट हो रहे हैं। ऐसे में सप्लाई भी नहीं दी जा रही है। सोमवार तक सप्लाई सामान्य होने का दावा किया जा रहा है। ऐसे में संभव है कि पहले बैकलॉग को खाली किया जाएगा। तीन दिन तक गैस बुकिंग नहीं होने के चलते सोमवार को बुकिंग के लिए भी लोगों की भीड़ जुटेगी। इस स्थिति में सोमवार से गैस बुक करवाने वालों को कम से कम पांच से छह दिन बाद ही सप्लाई होगी। इस बाबत शिमला गैस वितरक संघ के सदस्य आदर्श सूद का कहना है कि सॉफ्टवेयर अपडेट होने के चलते सप्लाई रुकी है। कंपनी से सप्लाई मिलते ही सभी उपभोक्ताओं की बुकिंग क्लीयर कर दी जाएगी।
——
परेशानी हो गई है
कुफ्टाधार निवासी जय प्रकाश का कहना है कि रविवार तक उनका रसोई गैस सिलेंडर खत्म होने वाला है। लक्कड़ बाजार गैस एजेंसी ने पांच-छह दिन बाद सप्लाई देने की बात कही है। अब परेशानी खड़ी हो गई है।
खाली होने वाला है सिलेंडर
फागली निवासी प्रदीप कुमार ने बताया है कि शनिवार सुबह वह बीसीएस गैस एजेंसी में गए तो बुकिंग से मना किया गया। अब सोमवार के बाद आने को कहा गया है। अगले सप्ताह कभी भी सिलेंडर खाली हो जाएगा।
मामले में हस्तक्षेप करे प्रशासन
बनूटी के नरेंद्र ठाकुर का कहना है कि सब्सिडी योजना बंद होने की खुशी है लेकिन अब सिलेंडर की सप्लाई मिलने में देरी की बात एजेंसी संचालक ने कही है। उन्होंने कहा है कि प्रशासन को इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए।
पड़ोसियों ने मना कर दिया
समरहिल निवासी शकुंतला शर्मा ने बताया है कि शुक्रवार को बालूगंज एजेंसी में गैस बुक नहीं हुई। दस मार्च के बाद बुकिंग और पांच दिन बाद सप्लाई देने की बात कही है। पड़ोसी भी सिलेंडर देने से मना कर रहे हैं।
