
नई दिल्ली: दुर्गा को निलंबित करने के मामले में कांग्रेस के रवैये से नाराज समाजवादी पार्टी ने संसद में खाद्य सुरक्षा बिल का विरोध करने की धमकी दी है। यानि दुर्गा शक्ति मामले में कांग्रेस के हमलों के बाद अब समाजवादी पार्टी ने ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी है। दुर्गा के मामले में सोनिया गांधी के पीएम को चिट्ठी लिखने के बाद केन्द्र सरकार हरकत में आई।
केन्द्र सरकार की तरफ से कार्मिक विभाग ने यूपी मुख्य सचिव को निलंबन से जुड़ी रिपोर्ट देने के लिए तीन बार चिट्ठी लिखी। इससे पहले 30 जुलाई और 2 अगस्त को विभाग ने चिट्ठी लिख कर दुर्गा के निलंबन पर यूपी सरकार से रिपोर्ट तलब की थी। हालांकि रविवार को यूपी सरकार ने कार्मिक विभाग को जवाब भेज दिया। लेकिन केन्द्र सरकार के रवैये से नाराज समाजवादी पार्टी खाद्य सुरक्षा बिल पर कांग्रेस को ब्लैकमेल करना शुरु कर दिया है।
विवाद से पहले पार्टी ने संकेत दिए थे कि वो बिल का समर्थन करेगी। लेकिन अब पार्टी ने दो टूक कह दिया है कि आने वाले मॉनसून सत्र में समाजवादी पार्टी खाद्य सुरक्षा बिल का विरोध करेगी। समाजवादी पार्टी नेता नरेश अग्रवाल के मुताबिक खाद्य सुरक्षा बिल पर समाजवादी पार्टी केंद्र के साथ नहीं है।
गौरतलब है कि शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री को लिखी चिट्ठी में कहा कि हमें ये सुनिश्चित करना चाहिए कि दुर्गा शक्ति नागपाल के साथ अन्यायपूर्ण व्यवहार न हो। सोनिया ने ये भी पूछा था कि क्या ऐसे मामले में केंद्र दखल दे सकता है?
