
शिमला। भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि कांग्रेस हमेशा सपने या लॉलीपॉप दिखाकर सत्ता में आती है। पिछली बार मनरेगा स्कीम थी और इस बार खाद्य सुरक्षा बिल है। हमें इस बात का ध्यान रखना होगा कि इस बार ऐसा न हो। धूमल ने कहा कि आने वाले चुनाव में युवा मोर्चा बूथ पर जाकर नए मतदाताओं से सीधा संपर्क बनाए। कांग्रेस मुक्त भारत की दिशा में पहला कदम युवाओं का होगा।
दीपकमल में प्रदेश अध्यक्ष सुनील ठाकुर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में पूरे देश की अर्थव्यवस्था चरमरा रही है। रुपया गिर रहा है और महंगाई-भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। राहुल गांधी ने पूरे देश को गुमराह किया है। एक गरीब के घर खाना खाकर उसके बाद कभी मुड़कर भी किसी गरीब के घर नहीं गए। जब महिलाएं संकट में होती हैं तो राहुल गांधी देश से बाहर होते हैं। पापुलरटी ग्राफ में राहुल को 16 प्रतिशत और नरेंद्र मोदी को 41 प्रतिशत वोट मिले हैं। उन्होंने युवा मोर्चा को सलाह दी कि प्रचार और जनसंपर्क में आईटी एवं सोशल मीडिया का प्रयोग करें। हिमाचल सरकार ने बेरोजगारी भत्ते की बात कहकर कौशल विकास भत्ते का धोखा युवाओं के साथ किया। यह बात युवाओं को बताई जाए। आने वाले समय में युवा मोर्चा बड़ा आंदोलन खड़ा करेगा और कांग्रेस को जड़ से उखाड़ कर कांग्रेस मुक्त भारत का निर्माण करेगा। उन्होंने मेरा बूथ सबसे मजबूत का नारा भी दिया। युवा मोर्चा प्रभारी विधायक बिक्रम ठाकुर, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य नरेंद्र अत्री, चेतन बरागटा, भाजपा कोषाध्यक्ष कपिल सूद, प्रवक्ता गणेश दत्त के अलावा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति के सभी सदस्य बैठक में मौजूद थे।
