
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र में भाजपा और कांग्रेस विधायकों के बीच भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू और देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल को लेकर खूब कटाक्ष हुआ। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी भी खूब चर्चा में रहे, सदन नमो-नमो की आवाज से गूंजता रहा।
दोनों दलों के विधायकों में नरेंद्र मोदी को लेकर शुरू हुई बहस नेहरू और पटेल तक जा पहुंची। आजादी पर शुरू हुई बहस में कांग्रेस के एक विधायक ने कह दिया कि भाजपा का आजादी में कोई योगदान नहीं था। इस पर भाजपा ने सरदार बल्लभ भाई पटेल को अपना बताते हुए कहा कि उन्होंने भी देश की आजादी में अपना योगदान दिया है। इस पर भाजपा विधायक तैश में आ गए और नेहरू पर टिप्पणी की कि कश्मीर समस्या उन्हीं की देन है। इसके बाद कांग्रेस विधायक के निशाने पर मोदी आ गए। सत्ताधारी विधायकों ने चुटकी ली कि आपके ‘नमोे-नमो’ का रिजल्ट भी जल्द ही आ जाएगा।
कांग्रेस विधायक जगजीवन पाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की राजनीति में तो दो बार नमो हो गया है। सदन में खाद्य सुरक्षा बिल पर चर्चा हो रही थी तथा कांग्रेस विधायक जगजीवन पाल अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे। लेकिन चर्चा के बीच में नमो-नमो का मुद्दा गरमा उठा व सदन का माहौल काफी हद तक गरमा गया।
झलकियां….
…वाड्रा का धन्यवाद भी कर देना था
खाद्य सुरक्षा बिल पर चर्चा के दौरान विधायक जगजीवन पाल ने इसके लिए सोनिया गांधी व राहुल गांधी का धन्यवाद किया। तभी विपक्ष की तरफ से आवाज आई कि वाड्रा का भी धन्यवाद कर देना था।
आपके समय भी फैला था
अंात्रशोथ पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने जबाव देते हुए कहा कि यह हम नहीं लाए हैं, आपके टाइम भी खूब फैला था।
धूमल साहब डू इट!
सदन की कार्यवाही के दौरान जीएस बाली व धूमल के बीच गहमागहमी हो गई। खाद्य सुरक्षा बिल पर चर्चा के दौरान माहौल एक दम से गरमा उठा। कार्यवाही के बीच ही दोनों पक्षों में आरोपों का सिलसिला शुरू हो गया। और बाली ने कह दिया कि आपके ट्रक तो चले पर पहुंचे ही नहीं। जिस पर धूमल ने तैश में कहा कि तो आप विजिलेंस जांच बैठा दो। केस तो अब तुम्हारे ऊपर भी जरूर चलेंगे। इस पर बाली भी तैश में आ गए और बोले धूमल साहब डू इट।
