सड़क हादसों में 20 लोग घायल

बाजपुर। अलग अलग तीन स्थानों हुए सड़क हादसों में बीस लोग घायल हो गये। घायलों का सीएचसी में उपचार कराया गया। खबर मिलते ही परिजनों और कई राजनीतिक दलों के नेताओें ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल पूछा।
सोमवार को सुबह साढे़ सात बजे हल्द्वानी रोड गांव नमूना के पास छोटा हाथी संख्या यूके06/4573 गांव चकरपुर और आलापुर से मजदूरों को लेकर कालाढूंगी के पास नया गांव में अमरूद तोड़ने के लिए जा रहा था कि अचानक पलट गया, जिसमें महिला पुरुष 13 मजदूर घायल हो। घायलों की चीख पुकार सुनकर जा रहे वाहन स्वामियों ने रुककर घायलों को बाहर निकाला। जिन्हें 108 सेवा से बाजपुर के सीएचसी में भर्ती कराया गया। घायलों में छोटी, राहुल, उषा देवी, कुसुम, पूनम, सूरज, पूजा, ज्योति, मूलचंद, अमर सिंह और उसकी पत्नी ऊषा, गुड्डू, गौतम हैं। इधर दोपहर ढाई बजे रामराज रोड पर एक टायर शोरुम के सामने सवारियों को लेकर आ रहा थ्रीव्हीलर अचानक पलट गया। जिसमें अमरवती निवासी यूपी के गांव पनवड़िया रामपुर, मिंदोबाइ, गुड़िया और हरीश निवासी गजरौला घायल हो गये। जिन्हें छात्र संघ पूर्व अध्यक्ष परवीन कांबोज ने सीएचसी में भर्ती कराया। थ्रीव्हीलर में करीब 20 सवारियां थी। घटना के बाद चालक फरार हो गया। अन्य सवारियां दूसरे वाहन से गंतव्य को रवाना हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। उधर शाम को रामपुर रोड पर कार और बाइक की आमने सामने भिड़त हो गई। इसी दौरान एक साइकिल सवार भी टकरा गया। बाइक पर सवार युवक और युवती घायल हो गये। जबकि साइकिल सवार व्यक्ति भी घायल हो गया। सभी घायलों का निजी अस्पताल में उपचार कराया गया। खबर मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने समझा बुझाकर मामला शांत करा दिया।

Related posts