
मंडी। शनिवार को दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि बाइक के कुचलने पर छठी कक्षा के एक बच्चे की टांग फ्रैक्चर हो गई। घायल छात्र का जोनल अस्पताल मंडी में उपचार चल रहा है।
पहले मामले में बंजार से मंडी आते समय मंडी शहर के टारना निवासी अंकुश कुमार पुत्र जोगिंद्र पाल की मौत हो गई। अंकुश अपने एक भाई के साथ बाइक से मंडी लौट रहा था। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बीच रास्ते में भुराह भ्याली मंदिर के पास अंकुश अपने भाई से बाइक लेकर चलाने लगा, लेकिन कंट्रोल नहीं कर सका तथा बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में अंकुश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक में सवार उसका भाई दीपक घायल हो गया। बालीचौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। दूसरे मामले में करसोग में एक कार के 70 फुट गहरी खाई में गिर जाने से चालक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार आज्ञा प्रसाद पुत्र कांशी राम निवासी शेरी कटांडा (करसोग) शनिवार को घर से कार में करसोग जा रहा था। इस दौरान बीच रास्ते में एक बस को पास देते हुए कार गहरी खाई में जा गिरी। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल आज्ञा प्रसाद को तत्काल उपचार के लिए रामपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। करसोग पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
इधर, एक अन्य मामले में तल्याहड़ के पास एक बाइक सवार ने एक छात्र को कुचल दिया। इस हादसे में छात्र की टांग में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है। छात्र तल्याहड़ स्कूल में छठी कक्षा में पढ़ता है। शनिवार को स्कूल से छुट्टी होने के बाद घर लौट रहा था। घायल छात्र की पहचान मुनीष कुमार पुत्र शेर सिंह निवासी देवधार है। शिकायत पर सदर पुलिस मंडी ने मामला दर्ज कर लिया है। इधर, उपरोक्त मामलाें की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक मंडी आरएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने मामले दर्ज कर लिए है। पुलिस छानबीन कर रही है।
