
नूरपुर (कांगड़ा)। पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय उच्चमार्ग 154 पर खुशीनगर स्थित पेट्रोल पंप के सामने शुक्रवार शाम को एक दर्दनाक हादसे में वाहन चालक की मौत से नूरपुर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान जोरावर सिंह उर्फ सोनू (23) निवासी लेतरी (नूरपुर) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार जोरावर सिंह उर्फ सोनू अपनी ईको गाड़ी एचपी 38 बी -7866 लेकर नागनी से नूरपुर की तरफ आ रहा था। अचानक गाड़ी खुशीनगर स्थित पेट्रोल पंप के ठीक सामने अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे पड़ी लोक निर्माण विभाग की आरसीसी पाइपों से टकराई। उसके बाद वहां घटनास्थल पर पहले से खड़ी एक जीप से टकराकर हवा में उछल गई। इसके चलते गाड़ी बिजली की तारों से टकराने के बाद सड़क पर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में सोनू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही नूरपुर पुलिस की टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया। उधर, ट्रैफिक पुलिस के प्रभारी जीत कुमार ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर सिविल अस्पताल भिजवा दिया गया है तथा शनिवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के उपरांत परिजनों को सौंप दिया जाएगा। नूरपुर पुलिस थाने के एसएचओ बृज मोहन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जसूर में रक्तदान शिविर कल
नूरपुर (कांगड़ा)। श्री सत्य साईं सेवा संगठन जिला कांगड़ा इकाई की ओर से नूरपुर, जसूर, भड़वार, जवाली व कोटला समितियों के तत्वाधान में 22 सितंबर को आदर्श भारतीय पब्लिक स्कूल जसूर में जिला स्तरीय रक्तदान शिविर लगाया जा रहा है। यह जानकारी श्री सत्य साईं सेवा संगठन के जिलाध्यक्ष शेष भूषण ने दी।
