
कुमारसैन (शिमला)। पुलिस थाना कुमारसैन के तहत सिंगापुर में एक मारुति कार एनएच पर पलट गई। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक नीरथ से बिथल आ रही मारुति कार नंबर एचपी 51ए-1090 सिंगापुर के पास अनियंत्रित होकर पहले चट्टान से टकराई और फिर सड़क पर पलट गई। इस हादसे में चालक देवेंद्र चौहान (28) निवासी कुताह (थरोच), चौपाल की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया। यहां पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस ने शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। एसडीपीओ सुनील नेगी ने हादसे में युवक की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की तफ्तीश की जा रही है।
