
ठियोग (शिमला)। ठियोग के देवीमोड़ के पास शनिवार को स्कूटर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गया। हादसे में स्कूटर पर सवार नौ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसके पिता को गंभीर चोटें आई हैं। घायल को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हादसा शनिवार सुबह साढ़े ग्यारह बजे उस वक्त हुआ, जब सोमदत्त अपने बेटे आर्यन के साथ संधु से ठियोग की तरफ आ रहे थे। देवीमोड़ के पास पहुंचने पर स्कूटर अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। हादसे में स्कूटर पर सवार नौ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई जबकि, उसके पिता सोमदत्त को चोटें आई हैं। घायल सोमदत्त को उपचार के लिए ठियोग लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें शिमला रेफर किया गया। सोमदत्त गांव भंगाडी, डाकघर चोकर, तहसील संगड़ाह, जिला सिरमौर के रहने वाले हैं। डीएसपी ठियोग सागर चंद्र शर्मा ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतक के शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि हादसा कैसे हुआ, इसके बारे में अभी पता नहीं चला है। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।
