
कंडवाल (कांगड़ा)। पुलिस थाना नूरपुर के तहत नूरपुर-चंबा रोड पर सड़क हादसे में मोटरसाइकिल चालक की मौत गई। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार विशन दास (36) पुत्र केसर दास निवासी सदवां कि सी निजी काम के लिए गांव मलकवाल गया हुआ था। काम खत्म होने पर वापसी के समय न्याड़ी नामक स्थान पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे स्थित पैरापिट से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पैरापिट से टकराने के बाद विशन दास नाली में जा गिरा। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटनास्थल पर मौजूद मृतक के रिश्तेदारों ने घटना पर शक जाहिर करते हुए आरोप लगाया कि विशन दास की मौत घटना नहीं बल्कि मर्डर है। पिछले वर्ष इसी स्थान पर मृतक के भाई का कुछ लोगों ने मारपीट करके मर्डर कर दिया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नूरपुर पुलिस ने धर्मशाला से फोरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलवाकर स्थिति का जायजा लिया।
मौके पर फोरेंसिकविशेषज्ञ डा. मीनाक्षी अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल की गहन जांच करने के बाद उन्होंने बताया कि विशन दास की मौत सड़क दुर्घटना से हुई है न कि उसका मर्डर हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एफआरयू नूरपुर भिजवा दिया। डीएसपी नूरपुर राजीव अत्री ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
